रोजका मेव थाना क्षेत्र में एटीएल कंपनी के सामने हुआ हादसा, चालक वाहन समेत भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। रोजका मेव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा एटीएल कंपनी के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान खोड बसई निवासी नसीम के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया।जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे नसीम अपने पिता शेर मोहम्मद को बाइक पर बैठाकर घर लौट रहा था। दोनों एटीएल कंपनी के सामने पहुंचे ही थे कि नूंह की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण नसीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता शेर मोहम्मद को कोई बड़ी चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का नंबर नोट कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है।