फरीदाबाद। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग व हरेडा के माध्यम से सभी सरकारी भवनों में ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना है। अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से जिले की पंजीकृत अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग की धर्मशालाओं में भी 75 प्रतिशत अनुदान पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे। इन धर्मशालाओं में बिना बैटरी बैंक के 5 किलोवाट तक के सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से यह योजना पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जा रही है। प्रदेश की सरकारी एवं गैर सरकारी गुरुकुल, कामकाजी महिला छात्रावास, अनाथालय, वृद्धाश्रम, बालगृह, नारी निकेतन, प्राकृतिक चिकित्सालय, रेडक्रॉस संस्थान तथा धर्मार्थ संस्थानों पर 50 प्रतिशत अनुदान पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर पॉवर प्लांट लगाए जाएंगे। इसकी 50 प्रतिशत की राशि संबंधित संस्था की ओर से दी जाएगी। संवाद