- सफाई व्यवस्था ठप होने पर निवासियों में नाराजगी, रखरखाव एजेंसी पर लापरवाही के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-82 स्थित वाटिका इंडिया नेक्स्ट सोसाइटी में खराब सफाई व्यवस्था से निवासी परेशान हैं। सोसाइटी में जगह-जगह कचरा जमा होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। निवासियों का आरोप है कि रखरखाव के लिए जिम्मेदार प्राइवेट एजेंसी अपनी जिम्मेदारियां ठीक से नहीं निभा रही है। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार पिछले कई दिनों से नियमित सफाई नहीं हो रही है। परिसर में फैली गंदगी के कारण लोगों को बदबू और अस्वच्छ माहौल का सामना करना पड़ रहा है। सोसाइटी की सुरक्षा और साफ-सफाई का जिम्मा निजी एजेंसी के पास है, लेकिन व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। निवासी एसएल सिंगला, अन्नू यादव, दयाराम यादव और भगवान सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने कई बार एजेंसी अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि एजेंसी प्रबंधन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहा है, जिससे सोसाइटी में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ती जा रही है।