रंजिश रंजिश में जन्माष्टमी की रात दिया था वारदात को अंजमा, पिस्टल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आपस में हुई कहासुनी तथा पुरानी रंजिश में व्यक्ति के घर पथराव व फायरिंग करने के मामले में सीआईए डीएलएफ फेज-4 की टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई 1 पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार 27 अगस्त की रात को भीम नगर स्थित एक मकान के पास जागरण हो रहा था। इसी दौरान कुछ व्यक्ति आए और उन्होंने घर पर पथराव करते हुए फायरिंग करके एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। मामले में सीआईए डीएलएफ फेज-4 के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को काबू कर लिया। जिनकी पहचान भीम नगर के सनाल उर्फ सानू, समीर उर्फ सोना, करण, मोहित उर्फ किंगी, दीपक व विशाल बजाज के रूप में हुई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सानू के भाई की वर्ष-2023 में रामलीला के दौरान हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाला पक्ष शिकायतकर्ता के परिवार से था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चलती आ रही थी। जिसके बाद 27 अगस्त को जन्माष्टमी की रात जागरण के दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी कहासुनी तथा पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी सानू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के घर पर पथराव कर दिया तथा फायरिंग कर दी।