फर्रुखनगर। जिले के गांव सिवाडी में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 33 केवी सब-स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य इसी वर्ष नवंबर माह में पूरा होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट पर कुल 8.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सिवाडी की पंचायती जमीन पर 1.25 एकड़ यानी सवा एकड़ में बनेगा। सिवाडी, ढाणी सिवाडी, जराऊ-सुंदरपुर, बिरहेड़ा सहित करीब दर्जनभर गांवों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए 3 नए सब-स्टेशन मंजूर किए हैं। इनमें दौलताबाद, जसात और सिवाडी सब स्टेशन शामिल हैं। इन तीनों के लिए कुल 24 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसमें सिवाडी का हिस्सा लगभग 8 करोड़ है। नए सब-स्टेशन बनने के बाद लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और ओवरलोड की समस्या दूर होगी। सिवाडी सब-स्टेशन को माछरौली 220 केवी स्टेशन से जोड़ा जाएगा। विधायक बिमला चौधरी का कहना है कि सिवाडी में बन रहे 33 केवी सब स्टेशन से सिवाडी, ढाणी सिवाडी, जराऊ-सुंदरपुर, बिरहेड़ा सहित करीब दर्जनभर गांवों को 24 घंटे बिजली मिल सकेगी। संवाद