सोहना। वार्ड-18 स्थित शीतला माता मंदिर में 6 अगस्त की रात अज्ञात चोर दानपात्र, चांदी की दो मूर्तियां, श्रृंगार का सामान सहित अन्य वस्तुएं चोरी कर ले गए। मंदिर समिति के प्रधान नितिन अग्रवाल की शिकायत पर सोहना सिटी थाना पुलिस ने 15 अगस्त को चोरी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस और सीआईए की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। नितिन अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 7 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे वह मंदिर में साफ-सफाई के लिए पहुंचे थे। मंदिर का गेट खुला हुआ था। अंदर जाने पर लकड़ी का दरवाजा टूटा मिला। मंदिर में रखा दानपात्र गायब था। वहीं, लोहे की अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखी चांदी की दो मूर्तियां और श्रृंगार का सामान भी गायब मिला। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच में सीआईए टीम भी जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। ब्यूरो