दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त, सड़क से हटाए जा रहे थे बिजली के पोल
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर घाटा की पहाड़ी के पास रविवार की रात दो बजे कई वाहन आपस में टकराने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। ट्राला चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में पहुंचा दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रविवार की रात करीब दो बजे घाटा की पहाड़ी से ग्वालपहाड़ी की ओर बिजली के दो खंभे टूट गए हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खंभों को सड़क से हटवाने लगी जिसके कारण ट्रैफिक धीमा हो गया। घाटा की पहाड़ी से ढलान पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वाहनों में एक ओवर लोड ट्राला भी था, जिसके आगे एक कार थी। कार के आगे भी एक अन्य ट्राला था। पीछे वाला ट्राला ओवर लोड होने के कारण ढलान से तेजी से चलने लगा और कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और एक महिला व दो पुरुष जख्मी हो गए। पुलिस कर्मी इन घायलों को गाड़ियों से निकाल ही रहे थे, तभी एक अन्य ट्राले ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। जिससे वह कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार युवक को काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने निकाला। पुलिस के अनुसार 10 मिनट में दो हादसे हो गए। इसके बाद एक तूड़े से भरी ट्रैक्टर ट्राली में भी ट्राले ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो ट्राले, एक ट्रैक्टर ट्राली व दो कार क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस के अनुसार हादसा करीब 2 बजे हुआ। हादसे के समय पुलिस मौके पर थी, जिससे समय रहते चारों घायलों को गाड़ियों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया और सभी खतरे से बाहर हैं।