गुरुग्राम। बादशाहपुर गांव में गोगा कॉलोनी में एक घर में सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बादशाहपुर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान मूलरूप से बिहार के जिला औरंगाबाद के नवीनगर गांव निवासी दीनानाथ प्रसाद के रूप में हुई है। वह बीते 10 साल से गोगा कालोनी में साथियों के साथ किराये पर रह रहा था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे दीनानाथ घर के बाथरूम गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर जब दूसरा साथी बाथरूम गया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं आया। साथियों ने दरवाजा तोड़ा तो दीनानाथ अंदर बेसुध पड़े मिले। लोग तुरंत ही निजी अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई है कि बाथरूम में फिसल कर गिरने से शायद सिर में अंदरूनी चोट लगी और उनकी मौत हो गई। बादशाहपुर थाना पुलिस प्रभारी राजेश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। संवाद