पुलिस बिना सी फार्म भरे विदेश मेहमानों को ठहराने वाले गेस्ट हाउस संचालकों पर दर्ज करा रही है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर पुलिस व खुफिया विभाग सतर्क है। शहर के होटल व गेस्ट हाउस में ठहरने वालों पर पुलिस की नजर है। जिन गेस्ट हाउस में फार्म सी भरे बिना विदेशी मेहमानों ठहराया जा रहा है उन पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस की ओर से जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर पांच गेस्ट हाउस संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है। जबकि 50 से अधिक गेस्ट हाउस संचालकों को एक अगस्त तक कागज पूरा करने का निर्देश दिया गया है ।
पुलिस की ओर से पहला मुकदमा डीएलएफ फेस तीन में किया गया था। उसके बाद तीन अन्य मामले दर्ज किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस को बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि व्हाइट रॉक होटल में विदेशी नागरिकों को बिना सी फार्म लिए ही ठहराया जा रहा है। जिस पर पुलिस ने होटल में पहुंचकर छापेमारी कर पूछताछ की तो होटल में युगांडा की दो महिलाएं ठहरी मिलीं, जिनसे होटल के मैनेजर द्वारा कोई सी फार्म जमा नहीं कराया था। एक महिला पौसोबा उम्र 31 वर्ष व दूसरी महिला किराबौ उम्र 31 वर्ष होटल के रूम नंबर 401 में ठहरी हुई थीं। बिना सी फार्म भरवाए दोनों विदेशी महिलाओं को कमरा देने का आरोप है।
कागज न पूरा करने वालों पर गिरेगी गाज
पुलिस को जांच अभियान में पता चला है कि बहुत से गेस्ट हाउस संचालक ऐसे हैं। जिनकी ओर से कागजात पूरे नहीं हैं। ऐसे गेस्ट हाउस सदर थाना , बादशाहपुर और डीएलएफ में अधिक हैं। इनके संचालकों को उपायुक्त कार्यालय से अनुमति पत्र लाने को कहा गया है। अब न तो इनके पास फायर एनओसी है और न नही हुडा व नगर निगम की ओर से कोई अनुमति पत्र है। उपायुक्त की ओर से इसके पूरा होने के बाद ही अनुमति दी जाती है। इसमें बहुत से गेस्ट हास ऐसे हैं जो 500 वर्ग गज से छोटे हैं। इनको निगम अनुमति ही नहीं दे सकता है।