बादशाहपुर। सेक्टर-47 स्थित सामुदायिक केंद्र की हालत लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रखरखाव के अभाव में यह केंद्र बदहाली का शिकार हो चुका है। भवन की खिड़कियों के कई शीशे टूटे हुए हैं, दीवारों का प्लास्टर जगह-जगह से उखड़ रहा है और मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके अलावा भवन पर किया गया पेंट भी उतर चुका है जिससे परिसर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासी ओमप्रकाश का कहना है कि सामुदायिक केंद्र का उपयोग विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए किया जाता है लेकिन वर्तमान स्थिति के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र के अंदर स्थित हॉल में बदबू फैली रहती है जिससे कार्यक्रमों और बैठकों के दौरान लोगों को परेशानी होती है। संवाद