नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर रहेगी पाबंदी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले गुरुग्राम में धारा-144 लागू रहेगी। बुधवार को जिलाधीश निशांत कुमार यादव ने आदेश जारी करते हुए 8 से 10 सितंबर तक धारा-144 लागू की है।
जिलाधीश ने बताया कि भारत इस वर्ष जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। मुख्य शिखर सम्मेलन नौ और दस सितंबर को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित होगा। इसमें विभिन्न सदस्य देशों के प्रमुख भाग लेंगे। इनमें से कुछ राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्षों के ठहरने के लिए गुरुग्राम में भी व्यवस्था की गई है। ऐसे में सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए जिले में 8 से 10 सितंबर तक धारा-144 लागू रहेगी। इस दौरान मानव रहित हवाई वाहन जैसे ड्रोन) की उड़ान पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। आदेशों की अवहेलना पर भारतीय दंड संहिता की धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।