नूंह (संवाद)। पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से अपील की है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे और मुख्य सड़कों पर दौड़ लगाने से बचने को कहा है। अर्पित जैन ने कहा कि शारीरिक अभ्यास और व्यायाम के लिए सुरक्षित पथ का ही उपयोग करें। सड़क पर दौड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। अक्सर युवा वाहनों की चपेट में आकर हादसों का शिकार हो जाते हैं। पुलिस अधीक्षक ने नूंह पुलिस की निर्देशिका का पालन करने की अपील की। उन्होंने भारी वाहन चालकों को निर्धारित लेन में वाहन चलाने की हिदायत दी।