गुरुग्राम। द्रोणाचार्य महाविद्यालय में भौतिक विज्ञान विभाग के आरके हॉल में विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य (प्रो) डॉ. पुष्पा अंतिल ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक ज्ञान को बढ़ावा देना और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करना था। कॉलेज मीडिया अधिकारी डॉ. राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की पांच टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक टीम में चार-चार प्रतिभागी शामिल थे। प्रश्नोत्तरी में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और जीव विज्ञान विषयों पर एमसीक्यू, रैपिड फायर और विजुअल राउंड आयोजित किए गए, जो छात्रों के लिए मनोरंजक होने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी रहे। प्रतियोगिता में बीएससी फिजिकल साइंसेज प्रथम वर्ष के दीपक कुमार, सूरज, अमन वत्स और बीएससी बायोटेक प्रथम वर्ष की मुस्कान की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। संवाद