गुरुग्राम। जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों में 20 जुलाई से खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव की शुरुआत होगी। छह दिन तक चलने वाले इस उत्सव में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी अपनी कला, संगीत, अभिनय और लोक संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार किया जा रहा है। सांस्कृतिक उत्सव 20 से 25 जुलाई तक जिले के विभिन्न खंडों में आयोजित होगा। प्रतियोगिताएं दो वर्गों में आयोजित होंगी। पहले वर्ग में कक्षा 5वीं से 8वीं और दूसरे वर्ग में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतिभागी हरियाणवी एकल लोकनृत्य, समूह लोकनृत्य और नाटक जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेेंगे। सभी प्रस्तुतियां मंच पर लाइव होंगी। खंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मक सोच और टीम भावना का विकास करते हैं। संवाद