गुरुग्राम के 441 निजी स्कूलों ने जमा नहीं कराया फार्म-6
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निजी स्कूल संचालकों की ओर से फार्म-6 नहीं भरने के कारण शिक्षा विभाग ने चिराग योजना का शेड्यूल फिलहाल रद्द कर दिया है। शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं। फार्म-6 भरने के लिए शिक्षा विभाग ने 22 मार्च तक समय दिया है। इसके बाद ही विभाग की ओर दोबारा चिराग योजना के तहत दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया जाएगा। गुरुग्राम जिले में 34.17 फीसदी निजी स्कूलों ने ही फार्म-6 जमा कराया है।
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी पत्र के निर्देशों में कहा गया है कि चिराग योजना के तहत सहमति प्राप्त मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में शैक्षिक वर्ष 2023-24 में कक्षा तीसरी से 12वीं कक्षा में दाखिले के लिए शेड्यूल जारी किया गया था, लेकिन विभागीय आनलाइन पोर्टल पर निजी स्कूलों के फार्म-6 अपलोड न होने के कारण स्कूलों की वेरिफिकेशन नहीं की जा सकी। इसके चलते चिराग योजना का शेड्यूल फिलहाल रद्द किया जा रहा है। पोर्टल पर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के फार्म-6 अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी होने पर चिराग स्कीम के तहत दाखिले के लिए रिवाइज शेड्यूल दोबारा से शीघ्र जारी किया जाएगा। विभाग की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि जिन मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों ने फार्म-6 नहीं भरा है, उनके फार्म जल्द आनलाइन जमा करवाए जाएं। गुरुग्राम के 670 निजी स्कूलों में से 229 स्कूल संचालकों ने नए शैक्षणिक सत्र 2023-24 में फीस व अन्य शुल्क वृद्धि करने को लेकर अपने संस्थान संबंधित जानकारी फार्म-6 में भरी है। जबकि जिले के 441 स्कूलों ने फार्म-6 नहीं भरा है। शिक्षा निदेशालय के नियमों के अनुसार फार्म-6 भरने के बाद ही निजी स्कूल संचालक नए सत्र से फीस बढ़ा सकेंगे अन्यथा उन्हें पिछले वर्ष वाली फीस ही लेनी होगी। गुरुग्राम के खंड शिक्षा अधिकारी सुदेश राघव का कहना है कि निजी स्कूलों के लिए फार्म-6 भरने की अंतिम तिथि 22 मार्च रखी गई है। स्कूल संचालकों को विभाग के पोर्टल पर फार्म-6 भरने के लिए कहा जा रहा है। अगर कोई निजी स्कूल फार्म-6 जमा नहीं कराता है तो वह नए सत्र में फीस या अन्य शुल्क बढ़ाने के लिए पात्र नहीं होंगे।