साइबर ठगों को खाता उपलब्ध कराने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस ने साइबर ठगों को खाता उपलब्ध कराने के आरोप में एसबीआई के डिप्टी मैनेजर को गिरफ्तार किया है। उपलब्ध करवाए गए बैंक खाते में ठगी की गई 9 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर की गई है।
साइबर थाना पुलिस पूर्व को 15 फरवरी को शिकायत मिली थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा अच्छे रिटर्न का प्रलोभन देकर एक एप के माध्यम से स्टॉक मार्केट में इन्वेस्ट करवाकर करीब 52 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। एसीपी प्रियांशु दीवान के नेतृत्व में थाना साइबर पूर्व की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन जुलाई को एसबीआई के एक कर्मचारी को गुरुग्राम से काबू किया। आरोपी की पहचान सेक्टर 77 निवासी राहुल के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी एसबीआई सेक्टर-17 गुरुग्राम में डिप्टी मैनेजर के पद पर नौकरी करता है। इसने टारगेट पूरा करने के लिए फर्जी तरीके से बैंक खाता खुलवाकर अपने एक अन्य साथी को उपलब्ध करवाया था। इसके द्वारा उपलब्ध करवाए गए बैंक खाते में ठगी की गई राशि में से 9 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले भी पुलिस अलग-अलग मामलों में 15 बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है।