- भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में 9 राउंड में हासिल किए 7 अंक, मिले 25 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भुवनेश्वर में 23 से 26 मई तक आयोजित केआईआईटी अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव 2026 में गुरुग्राम के खिलाड़ी संजय छाबड़ा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 9 राउंड में 7 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान संजय ने 6 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। उन्हें केवल एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 705 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबलों के बीच संजय छाबड़ा ने धैर्य, रणनीति और शानदार खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह प्रतियोगिता देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शतरंज आयोजनों में शामिल मानी जाती है। संजय छाबड़ा ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए उन्होंने पहले से लगातार अभ्यास किया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बार और बेहतर प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीतने का प्रयास करेंगे।