मानेसर। औद्योगिक क्षेत्र में खुले पड़े नाले कर्मचारियों और राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गए हैं। पिछले कई महीनों से कई सेक्टरों में नाले खुले हुए हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) के अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां और औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां रोजाना लाखों कर्मचारी काम करने आते हैं। ऐसे में खुले नालों के कारण लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दिन के समय भी इन नालों के पास से गुजरना जोखिम भरा रहता है, जबकि रात के समय हादसे की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण लोगों को नालों का पता नहीं चल पाता, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने एचएसआईआईडीसी से मांग की है कि खुले नालों को जल्द से जल्द ढका जाए और उनकी मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का मानना है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इस समस्या का जल्द समाधान जरूरी है। संवाद