एसी ठीक कराने के लिए गूगल से लिया था नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ठगों ने ठगी का एक और नया पैंतरा निकाल लिया है। उनकी तरफ से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के तीन दिन बाद युवक के खाते से 3.74 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर मानेसर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मानेसर निवासी संदीप यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत शुक्रवार को उन्होंने गूगल पर एसी को ठीक कराने के लिए मैकेनिक का नंबर देखा था। थोड़ी देर बाद उनके पास से एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एसी मैकेनिक बताया और शिकायतकर्ता के नंबर पर लिंक भेज दिया। उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद ठगों ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। सोमवार से उनके खाते से छह बार में 3.74 लाख रुपये कट गए। एएसआई जांच अधिकारी ने बताया कि जिस खाते में रुपये गए है उसके बारे में जानकारी निकाली जा रही है।