पटौदी। हरियाणा सरकार द्वारा पटौदी के सामान्य बस अड्डे से चंडीगढ़ के लिए नई हरियाणा रोडवेज बस सेवा शुरू की गई है। बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने सरकार का आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व पालिका चेयरमैन चंद्रभान सहगल, पार्षद राधेश्याम मक्कड़ और रामनिवास पटौदा ने बस चालक आशीष एवं परिचालक साहिल को फूलमालाएं पहनाकर और लड्डू खिलाकर बस को चंडीगढ़ के लिए रवाना किया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि पहले नारनौल से चंडीगढ़ जाने वाली हरियाणा रोडवेज बस रात 8:20 बजे पटौदी होकर गुजरती थी, लेकिन अब पटौदी के सामान्य बस अड्डे से शाम 3 बजे भी चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। नई बस सेवा पटौदी बस अड्डे से दोपहर 3 बजे रवाना होगी और झज्जर, रोहतक, पानीपत, करनाल एवं अंबाला होते हुए लगभग रात 11:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में यह बस चंडीगढ़ बस अड्डे से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी और करीब 12:30 बजे झज्जर बस अड्डे पहुंचेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नई बस सेवा से पटौदी क्षेत्र के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और चंडीगढ़ आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा। संवाद