ग्रैप की पाबंदियों के कारण शुरू नहीं हो पा रहा है काम, वाहनों का रहता है दबाव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। घाटा गांव से खेड़की दौला तक जर्जर सड़क की जीएमडीए विशेष मरम्मत कराएगा। अभी ग्रैप की पाबंदियों के कारण मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। एसपीआर पर अंडरपास और फ्लाईओवर बनाया जाना है। ऐसे में अभी सड़क को ठीक कराकर काम चलाया जाएगा।
जीएमडीए का मानना है कि परियोजना को पूरा होने में समय लगेगा। ऐसे में सड़क को ठीक कराकर यातायात को सुगम बनाया जाए। जीएमडीए घाटा-वाटिका चौक से खेड़की दौला तक की सड़क को बेहतर कराएगा ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो। जीएमडीए की प्रवक्ता ने बताया कि इसे लेकर सभी तैयारी पूरी है लेकिन ग्रैप के कारण सड़क पर काम शुरू नहीं किया जा रहा है। प्रदूषण कम होते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
बता दें कि गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से एसपीआर प्रोजेक्ट के तहत घाटा गांव से एनएच 48 पर खैड़कीदौला तक करीब 16 किलोमीटर की परियोजना पर काम होना है। इस परियोजना पर दो भागों में काम कराया जाना है। पहले चरण में घाटा गांव से वाटिका चौक तक काम शुरू कराने की योजना है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पहले ही तैयार कराई गई थी। इस परियोजना के तहत घाटा से वाटिका चौक की ओर पांच फ्लाईओवर बनाए जाने थे। इसके तहत घाटा रोड पर इंटरसेक्शन, फ्लाईओवर, सर्विस लेन, ड्रेनेज सिस्टम और फुटपाथ भी बनेंगे। जीएमडीए के एक अधिकारी ने बताया कि जब प्रोजेक्ट बना था तो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और द्वारका एक्सप्रेसवे नहीं बना था, अब दो एक्सप्रेसवे बन चुके हैं। ऐसे में अब अंडरपास और फ्लाईओवर की जरूरत में बदलाव भी संभावित है। ऐसे में जीएमडीए योजना पर काम शुरू करने से पहले दोबारा से प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार कराना चाहता है।