गुरुग्राम। सेक्टर-10 में 100 बेड वाले अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अस्पताल के नए ब्लॉक में मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। तीमारदारों के ठहराव के लिए अलग से विश्राम सदन का निर्माण किया गया है। विश्राम सदन बनने से मरीजों और उनके परिजनों को खुले हॉल में सोने की मजबूरी से राहत मिलेगी। अभी विश्राम गृह न होने के कारण ठंड में तीमारदारों को बाहर ही रात गुजारनी पड़ती है। अस्पताल के अनुसार, इस ब्लाॅक का निर्माण कार्य साल के अंत या फिर मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा। अस्पताल की सीएमओ डाॅ. अलका ने बताया कि अस्पताल में नए ब्लाॅक का निर्माण कार्य तेज गति में किया जा रहा है। इसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ पांचवीं मंजिल पर आईसीयू और सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशन की व्यवस्था की जा रही है। निर्माण 2026 के अंत या मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। संवाद