बिल्डर के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शनिवार को सेक्टर-90 स्थित ग्रीनकोर्ट सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर, मेंटेनेंस टीम और मैनेजमेंट के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने यहां 33 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगवाने और सोसाइटी की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर करने की मांग की। सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि 33 केवीए का ट्रांसफॉर्मर न होने के कारण 35 से 36 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली बिल चुकाना पड़ता है, जिससे आर्थिक तौर पर नुकसान हो रहा है। इसके अलावा सोसाइटी में एसटीपी से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। कचरे निपटारे की व्यवस्था भी सुव्यवस्थित नहीं है, ऐसे में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही फ्लैट्स का भुगतान करने के बाद रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। लोगों ने यहां बिल्डर के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।