गुरुग्राम। हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने डेपुटेशन पर काम कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। विभाग के आदेश के अनुसार पीआरटी, टीजीटी, पीजीटी, हेड मास्टर और प्रिंसिपल जो दूसरे सरकारी स्कूलों में डेपुटेशन पर काम कर रहे हैं, उनकी अवधि अब 30 जून तक बढ़ा दी गई है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई बिना रुकावट चलती रहे। साथ ही यह भी कहा गया है कि संबंधित कैडर की ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी होने तक या 30 जून तक (जो पहले हो) शिक्षक उसी स्कूल में काम करते रहेंगे। आदेश में यह भी साफ किया गया है कि सभी शिक्षक पहले की तरह ही अपनी डेपुटेशन की शर्तों के अनुसार काम करेंगे। संवाद