नोएडा (संवाद)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ से मची तबाही के बीच नोएडा लोक मंच की टीम राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंची। टीम ने काठमांडू के एक बौद्ध मठ में पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें जूते, तौलिये, रेनकोट, छाते, ट्रैकसूट और जरूरी कपड़े वितरित किए। संस्था के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र मलबे और कीचड़ में तबाह हो गया है। टीम की मुलाकात दावा तामांग से हुई, जो अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ छह घंटे से अधिक समय तक मलबे में फंसे रहे और इस त्रासदी में परिवार के सदस्यों को खो दिया। शुक्रवार को नेपाली सेना के सहयोग से टीम प्रभावित गांव पहुंचेगी।