शादी का झांसा देकर एचआर अधिकारी से दुष्कर्म
गुरुग्राम। सेक्टर-37 स्थित एक निजी कंपनी में एचआर अधिकारी ने स्क्रैप व्यापारी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बिहार निवासी 23 वर्षीय युवती एक निजी कंपनी में एचआर अधिकारी है। करीब पांच साल पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती साहिबाबाद के शहीद नगर निवासी कासिम मलिक से हुई थी। युवक ने बताया कि गुरुग्राम में उसका दफ्तर है और वह स्क्रैप का बिजनेस करता है। 2017 में आरोपी खांडसा गांव में कमरा किराये पर लेकर रहने लगा था। इसी दौरान उसने युवती को अपने कमरे पर बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि दो साल तक आरोपी उसे झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। हाल ही में युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके चार बच्चे भी है। युवती ने जब आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया। बुधवार शाम को पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-37 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की। ब्यूरो