पीएम मोदी लगा चुके हैं राव के वादे पर मुहर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्या आरती राव ने कहा कि उनके पिता एवं गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह अपनी बात के धनी हैं। जो कहते हैं वह करते हैं। उनकी बेबाकी व काम की जिद का प्रमाण स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स के शिलान्यास दे चुके हैं। शिलान्यास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि राव जो कहते हैं उसे कराकर ही दम लेते हैं।
आरती सोमवार को लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चुनावी सभा में बोल रही थीं। ग्रामीणों ने उनका बैंड बाजों व फूल मालाओं से स्वागत करते हुए इस बार भी भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताकर लोकसभा सदस्य बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता को दक्षिणी हरियाणा ने अपने दिल में बिठाया हुआ है। वह इसलिए कि उन्होंने हमेशा लोगों द्वारा दिए गए सम्मान व ताकत का इस्तेमाल उनकी भलाई के लिए किया है। केंद्र सरकार ने बेशक देशभर में विकास कार्यों की झड़ी लगाई हुई है, लेकिन राव इंद्रजीत सिंह ने अपने क्षेत्र को विकास के मामले में कभी पीछे नहीं रहने दिया। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी-पटौदी-गुरुग्राम नेशनल हाईवे का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा । सोमवार को आरती राव ने घोषगढ़, सांपका, जोड़ी कलां, जोड़ी खुर्द, जटौला, मुमताजपुर, तुर्कापुर, भौखरका, मऊं, दरापुर और लोकरा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।