गुरुग्राम के लिए 435 व बादशाहपुर के लिए 518 ईवीएम चिन्हित
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष ईवीएम का विधानसभा वार रेंडमाइजेशन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव के तहत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1504 बूथ हैं। जिसके प्रथम चरण का आज ईसीआई की वेबसाइट पर रेंडमाइजेशन किया गया है। उन्होंने ईवीएम की रेंडमाइजेशन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में रेंडमाइजेशन के तहत ईवीएम की तीनों यूनिट नामतः बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट व वीवीपेड का चारों विधानसभा क्षेत्र नामतः सोहना के लिए 292, पटौदी के लिए 259, गुरुग्राम के लिए 435 व बादशाहपुर के लिए 518 ईवीएम यूनिट्स सहित प्रत्येक विधानसभा के लिए 20 प्रतिशत ईवीएम यूनिट्स का चिन्हीकरण कर लिया गया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने उपरांत राजनैतिक दलों की मौजूदगी में ईवीएम का बूथ वार चिन्हीकरण करने के लिए रेंडमाइजेशन का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने राजैनतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि एक ईवीएम में नोटा सहित कुल 16 उम्मीदवारों के नाम दर्ज होंगे। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत जिस विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवारों की संख्या 15 से ज्यादा हुई तो उक्त विधानसभा में सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन में बैलट यूनिट की संख्या बढ़ाई जा सकती है। बैठक में प्रथम रेंडमाइजेशन के बाद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभा की एक-एक प्रति भी उपलब्ध कराई गई। बैठक में एसडीएम अंकित चोकसी, जिला परिषद के सीईओ जगनिवास,एसडीएम रविंद्र कुमार, एसडीएम दिनेश, एसडीएम होशियार सिंह, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अखिलेश, सीटीएम कुंवर आदित्य विक्रम, डीआईओ विभू कपूर, जिला निर्वाचन कार्यालय से संतलाल, संबंधित विधानसभा के तहसीलदार व नायब तहसीलदार सहित राजनैतिक दलों प्रतिनिधि उपस्थित रहे।