पलवल।
जिला पुलिस मुख्यालय में बृहस्पतिवार को पुलिसकर्मियों के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी। जिला नागरिक अस्पताल के काउंसलर उमेद सिंह रावत, सीएचसी हथीन की काउंसलर श्रेया और नागरिक अस्पताल की एलटी निशा रानी ने बताया कि असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त और संक्रमित सुई के इस्तेमाल से एचआईवी फैल सकता है। उन्होंने चिकित्सा प्रक्रियाओं में नई डिस्पोजेबल सिरिंज का इस्तेमाल करने और जांचे-परखे ब्लड बैंक से ही रक्त लेने की सलाह दी। विशेषज्ञों ने बताया कि हाथ मिलाने, गले मिलने, साथ खाना खाने या मच्छर के काटने से एचआईवी नहीं फैलता। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1097 पर संपर्क किया जा सकता है। संवाद