फर्रुखनगर। फर्रुखनगर के विभिन्न मैदानी इलाकों में मौसम के बदले मिजाज ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। पिछले कुछ दिन से जारी कड़ाके की ठंड और हाल ही में हुई हल्की रिमझिम बारिश गेहूं की फसल के लिए बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गेहूं की फसल को दाने के भराव की प्रक्रिया तक कम तापमान की आवश्यकता होती है। वर्तमान में हो रही हल्की बारिश ने न केवल मिट्टी में आवश्यक नमी प्रदान की है, बल्कि यूरिया और अन्य पोषक तत्वों के अवशोषण में भी मदद मिलेगी। फुहार के रूप में पड़ रही यह बारिश पौधों के स्वास्थ्य के लिए उत्तम है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम गेहूं की खेती के लिए किसी अमृत से कम नहीं है, क्योंकि जितनी अधिक ठंड पड़ेगी, फसल की पैदावार और गुणवत्ता उतनी ही बेहतर होगी। वहीं, विशेषज्ञों ने किसानों को कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की भी सलाह दी है। संवाद