गुरुग्राम में शाम को हुई बारिश के बीच से गुजरते वाहन
- फोटो : Gurgaon
तेज बारिश से बदला मौसम का मिजाज
गुरुग्राम। बीते दिनों की तरह सोमवार को भी सुबह से ही हल्की धूप खिलने लगी थी, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदलने लगा और आसमान में बादल छाने लगे। शाम चार बजे तक आसमान में बादलों को देखकर बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही थी और करीब तीन घंटे बाद शाम सात बजे तक झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद ठंड में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई और लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। करीब आधे घंटे की झमाझम बारिश के बाद भी बूंदाबांदी लगातार जारी रही। इस दौरान हवाओं की गति बढ़ने से लोगों को ठंड का अहसास भी होने लगा। वहीं बारिश के बाद रैन बसेरों में रात गुजारने वालों की समस्या भी काफी बढ़ गई। उल्लेखनीय है कि ठंड से बचाव के लिए प्रशासन की तरफ से अलाव इत्यादि की व्यवस्था नहीं की गई है, जिसको देखते हुए बारिश के बाद लोग खुद ही जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से बचते नजर आए। सोमवार को प्रदूषण एक बार फिर से बढ़ गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 321 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के मुकाबले 40 अंकों तक बढ़ गया। सुबह से धुंध के बीच प्रदूषण में भारी बढ़ोतरी हो गई। हालांकि बारिश के बाद संभावना है कि इसमें कुछ कमी आएगी।