गुरुग्राम। सेक्टर-99/102 मास्टर रोड स्थित न्यू सत्या मॉल के मुख्य गेट के पास सड़क पर पानी भरा होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। शनिवार को हुई बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी अभी तक नहीं निकल पाया है। इसके कारण मॉल में आने-जाने वाले लोगों के साथ राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण सड़क किनारे की ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के बाद जलभराव की समस्या लगातार बनी रहती है। पानी जमा रहने से सड़क पर फिसलन होने के साथ हादसे की आशंका भी बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कराने और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की मांग की है। संवाद