बैठक का आयोजन कर प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आठ दिन पहले मारुति कुंज के पास मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को लाठी-डंडों से पीटने वालों पर कार्रवाई न होने पर पूर्वांचल समाज के लोगों ने रविवार को मीटिंग आयोजित की। लोगों का कहना है कि प्रवासी लोगों के साथ आए दिन मारपीट की जाती है। इसके साथ ही हमलावरों पर पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होती है। इससे हमलावरों को और हिम्मत मिल जाती है। मुकेश कुमार झा ने बताया कि गत रविवार को भी शनि एन्क्लेव में एक युवक से मोटरसाइकिल साइड में करने को कहने पर विकास चौधरी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
करीब आठ दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर समाज के लोगों ने रविवार को बैठक की। इसमें आसपास के गांव के लोगों ने भी हिस्सा लिया। बैठक में मौजूद लोगों ने निर्णय लिया है कि पूर्वांचल समाज के लोगों के साथ झगड़ों से निपटने के लिए एक टीम गठित की जाएगी। टीम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक करें। उनका कहना है कि पूर्वांचल समाज के लोगों के सामने सबसे बड़ा प्रश्न शहर में अपनी सुरक्षा को लेकर है।
इसके साथ ही अगर पीड़ित विकास के हमलावरों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वह मिलकर कोई रणनीति बनाएंगे। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो वह अपने समाज के लोगों के साथ मिलकर अगले हफ्ते प्रदर्शन भी कर सकते हैं।
इस मीटिंग में विनोद कुमार, महावीर मिश्रा, प्रभात सिंह, मुकेश झा , संजय सिंह, देवीलाल, पूर्व सरपंच सुरज्ञान सिंह व अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।