गुरुग्राम। सेक्टर-44 स्थित एक निजी कंपनी की महिला निदेशक के पर्स से 40 हजार रुपये चोरी हो गए। आरोपी ने पर्स से रुपये निकालकर उसे वापस केबिन में रखवा दिया। मामले का खुलासा एक महिला कर्मचारी के देख लेने पर हुआ। सुशांत लोक थाना पुलिस ने महिला अधिकारी के चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दिल्ली के वसंत विहार निवासी महिला सुपर्णा मल्होत्रा ने बताया कि वह सेक्टर-44 स्थित एक निजी कंपनी में निदेशक के पद पर हैं। रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब पौने 9 बजे वह कार्यालय पहुंचीं और अपना बैग कार्यालय में रख दिया। फिर कंपनी परिसर में होने वाली बैठक में चली गईं। आरोप है कि निदेशक जब अपने केबिन में नहीं थी तो उनका चालक दिल्ली पहाड़ गंज निवासी रवि गौतम अंदर गया और बैग के अंदर से कैश चोरी कर लिया। उसमें 40 हजार रुपये नकद रखे थे। करीब आधे घंटे बाद आरोपी चालक ने खाली पर्स को चपरासी शिवम को देकर कहा कि इसे मैडम के केबिन के अंदर रख दो। शिवम केबिन में जाकर पर्स रखने लगा तो डायरेक्टर की सहायिका गवीना सहगल ने उसे देख लिया। कुछ देर बाद निदेशक वापस केबिन में आईं तो सहायक महिला ने उन्हें इस बारे में बताया। डायरेक्टर ने बैग के अंदर कैश को चेक किया तो उसमें से नकदी गायब थी। चालक से पूछा तो उसने गलती मानी और माफी मांगने लगा। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर सुशांत लोक थाना में आरोपी चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।