गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में पार्षदों, स्थानीय नागरिकों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने भाग लेकर स्वच्छ गुरुग्राम का संदेश दिया। वार्ड-23 में पार्षद कुणाल यादव, वार्ड-34 में पार्षद सुरेखा चौहान, खांडसा रोड पर पार्षद धर्मबीर भंगरोला, वार्ड-29 में पार्षद ऊषा वर्मा तथा सेक्टर-48 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पार्षद विक्रमजीत की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। अभियान के दौरान नागरिकों से घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने तथा गंदगी नहीं फैलाने का आग्रह किया गया। लोगों ने भी स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। ब्यूरो