सोहना। सोहना कस्बे में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड के विरोध में आगामी 22 नवंबर को हनुमान मंदिर, छोटी बगीची में पंचायत होगी। इसमें व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। यह डंपिंग यार्ड वार्ड नंबर 13, पुराना अलवर मार्ग पर बनाया जाना है, जिसमें गुरुग्राम क्षेत्र का कूड़ा डाला जाएगा। स्थानीय नागरिक इस योजना को जनहित विरोधी बता रहे हैं। गत 27 अक्तूबर को भी इस मुद्दे पर महापंचायत हुई थी, जिसमें एकजुट होकर विरोध का फैसला लिया गया था। एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री से योजना रद करने की गुहार लगाई गई थी। नगरपरिषद बोर्ड बैठक में भी पार्षदों ने डंपिंग यार्ड योजना प्रस्ताव को रद करने पर मुहर लगाई थी। पूर्व पार्षद रवि शंकर सिंगला, विजय अग्रवाल और शुभम ने लोगों से पंचायत में अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है। संवाद