नोएडा। सेक्टर-94 से यीडा के सेक्टर-23सी तक प्रस्तावित एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की तैयारियों की शासन स्तर पर समीक्षा होगी। सोमवार को लखनऊ में औद्योगिक विकास आयुक्त (आईडीसी) आलोक कुमार की अध्यक्षता में बैठक होगी। इसमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया है। आईडीसी ने सितंबर में इस परियोजना का प्रस्तुतिकरण देखा था। यह परियोजना एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित है। अब संबंधित विभागों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। साथ ही परियोजना में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा होगी। एनएचएआई परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है। नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा ने बताया कि बैठक को लेकर प्राधिकरण की तैयारियां पूरी हैं। एक्सप्रेसवे का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए प्राधिकरण प्रयासरत है।