नगर निगम करेगा भुगतान, एजेंसी के काम की एसोसिएशन करेगी निगरानी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम अब सोसाइटियों की साफ सफाई की जिम्मेदारी वहीं की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के कंधों पर डालने की योजना पर काम कर रहा है। इसके बाद आरडब्ल्यूए अपने स्तर से निजी एजेंसी की सेवाएं इस काम के लिए ले सकेंगी। इसके लिए नगर निगम ही भुगतान करेगा लेकिन एजेंसी के काम की निगरानी और उसके मूल्यांकन का काम एसोसिएशन ही करेगी।
नगर निगम का मानना है कि इस नई व्यवस्था से सोसाइटियों में लगातार बढ़ रही साफ सफाई की समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके लिए नगर निगम और आरडब्ल्यूए के बीच एक एग्रीमेंट होगा और मासिक आधार पर एसोसिएशन को भुगतान किया जाएगा। नगर निगम आरडब्ल्यूए सदस्यों के साथ कार्यकारी अभियंताओं की टीम भी गठित करेगा, जिससे सोलिड वेस्ट निस्तारण की निगरानी की जा सके। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पहले से ही अपने सेक्टरों में इस प्रकार की व्यवस्था करता रहा है। यह तब तक जारी रहा, जब तक वह सेक्टर नगर निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र में नहीं लिए। इस योजना के पीछे एक कारण यह भी माना जा रहा है कि लगातार हो रही हड़ताल के चलते सफाई कार्य प्रभावित होता है। नई व्यवस्था में नगर निगम सफाई एजेंसी को भुगतान न करके आरडब्ल्यूए को करेगा। नई व्यवस्था में निजी ठेकेदारों पर भी दबाव रहेगा कि वह बेहतर काम करें।
पत्तियों और पेड़ों से गिरी टहनियों को नहीं उठाते
कुछ आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने नगर निगम को बताया कि सफाई कर्मचारी पेड़ों से गिरी टहनियों और पत्तियों आदि को नहीं उठाते। उनका कहना होता है कि यह होर्टिकल्चर वेस्ट है। उनके कूड़ा उठाने में यह शामिल नहीं है।
यह योजना सफाई की व्यवस्था में निवासियों को सीधे तौर पर शामिल करने से संबंधित है। इससे सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता भी सुधरेगी।
- पीसी मीणा, आयुक्त, नगर निगम