निगमायुक्त ने जिम्मेदार अभियंताओं को भी चार्जशीट देने को कहा
लीचेट रिसाव का समाधान करने और टैंकरों में सीसीटीवी लगाने के आदेश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम ने बंधवाड़ी स्थित कचरा डंपिंग साइट पर लीचेट के रिसाव पर सख्त रुख अपनाते हुए ईकोग्रीन कंपनी को नोटिस देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लीचेट के रिसाव के लिए जिम्मेदार सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को नोटिस देने के लिए कहा है।
बृहस्पतिवार को निगम आयुक्त पीसी मीणा ने एकीकृत ठोस कचरा प्रबंधन काम की समीक्षा बैठक में इकोग्रीन के प्रतिनिधियों से कहा कि वे बंधवाड़ी में लगे डीटीआरओ तथा लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट को चालू करवाएं। अगर क्षेत्र में कोई पर्यावरणीय क्षति होती है, तो उसका जिम्मेदार इकोग्रीन को माना जाएगा और इसकी वसूली भी इकोग्रीन से ही की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि टैंकरों के माध्यम से जल्द से जल्द लीचेट का उठान सुनिश्चित करवाएं। भविष्य में प्लांट के बाहर अगर लीचेट का रिसाव हुआ, तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने कहा कि पहले भी सख्त हिदायत दी गई थी कि अरावली क्षेत्र में लीचेट का रिसाव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लीचेट का डिस्पॉजल करने वाले टैंकरों में जीपीएस लगा होना चाहिए। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर ही लीचेट डिस्पॉजल सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगर निगम फरीदाबाद के अधिकारी भी थे। उनसे कहा कि वह वेस्ट-टू-कंपोस्ट की व्यवस्था करें। निगमायुक्त ने कहा कि बंधवाड़ी में लीगेसी वेस्ट निष्पादन की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाई जाए।