राठीवास, दिनोकरी व भूडका में बनी समस्या
ग्रमीणों ने एसडीओ को संबोधित ज्ञापन जेई को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। खंड के गांव राठीवास, दिनोकरी व भूडका में बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी सुधारने की मांग को लेकर तीनों ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बोहड़ा कला बिजली बोर्ड कार्यालय में पहुंचकर एसडीओ के नाम संबोधित ज्ञापन जेई पवन कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि पिछले कई महीने से गांवों में बिजली ठीक से नहीं आ रही है, जिस कारण से उन्हें इस भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले तीनों ग्राम पंचायतों की बिजली बोहड़ा कला फीडर से थी। बाद में इसे मऊ फीडर से जोड़ दिया गया। इसके कारण समस्या बन गई, इसे बोहड़ा कला फीडर से जोड़ा जाए। गंगा जोहड़ के पास जो टंकी लगी हुई है, वह ओवरलोड है। उसके पास एक टंकी और लगाई जाए, गांवों में लगी टंकियों पर हैंडल नहीं है। टंकियों पर हैंडल लगवाए जाएं।
ग्रामीणों ने कहा कि तीन दिनों में समस्या का हल नहीं हुआ तो पावर हाउस में धरने पर बैठ जाएंगे। जेई ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि समस्या उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दी जाएगी। इस मौके पर मोतीराम राठी, सूबेदार महेंद्र सिंह, सुरेंद्र दिनोकरी, आजाद सिंह, शमशेर, धर्मसिंह आदि मौजूद थे।