मानेसर। सेक्टर 99ए में बिजली का पोल टूट जाने के कारण कई सोसाइटियों में 8-9 घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली बाधित होने से लक्ष्मी सोसाइटी, कोबन सोसाइटी, स्काईव्हेल्स, वियना ग्रीन्स और सत्य मेरानो ग्रीन्स के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोसाइटी निवासियों ने बताया कि यह घटना रात करीब 12 बजे हुई। पोल टूटने की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को मिलने के बाद उसे ठीक करने की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि, रात के समय लेबर उपलब्ध नहीं होने के कारण टूटे हुए पोल को तुरंत बदला नहीं जा सका। इसके चलते प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने में काफी समय लग गया। सुबह लेबर उपलब्ध होने के बाद बिजली विभाग की टीम ने काम शुरू किया और टूटे हुए पोल को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। समाजसेवक संतोष कुमार ने कहा कि सेक्टर 99ए जैसे क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए डीएचबीवीएन विभाग को भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबल लगाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। संवाद