गुरुग्राम। सेक्टर-99ए में सोमवार देर रात एक ट्रक ने बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे करीब 8 घंटे बिजली गुल रही। लक्ष्मी परीना, परीना कोबान, स्काई व्हील्स, वियना ग्रींस और सत्या मैरिनो ग्रींस सोसाइटी में आपूर्ति बाधित हुई। लोगों ने बताया कि रात 2 बजे गुल हुई बिजली सुबह 9.30 बजे बहाल हुई। इस इलाके में हाई राइज सोसाइटियां हैं, जिन्हें 24 घंटे बिजली की जरूरत होती है। बिजली कटने पर जेनरेटर चलाकर जरूरी सेवाएं बरकरार रखी जाती हैं। पिछले महीने 2 सितंबर को भी एक डंपर ने बिजली के खंभे गिराए थे। तब भी इलाके में करीब 9 घंटे बिजली गुल थी। निवासियों ने बिजली निगम से बार-बार हो रही खंभा गिरने की घटनाओं पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों को देर तक बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। संवाद