सेक्टर-108 स्थित आरओएफ अलांटे में बिजली संकट
गुरुग्राम। गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर स्थित सोसाइटी आरओएफ अलांटे सोसाइटी में बुधवार रात और बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे करीब 18 घंटे बिजली नहीं रही। निवासियों का कहना है कि इस सोसाइटी में बिजली का कनेक्शन नहीं है। सोसाइटी डीजी सेट के सहारे चलती है। बुधवार की रात यहां चलने वाली दो डीजी में से एक खराब हो गया इसलिए घरों के बजाये केवल कॉमन एरिया में बिजली चली। सोसाइटी निवासी आनंद यादव ने बताया कि छोटा डीजी लोड नहीं ले पाया और यह जेनरेटर भी सुबह करीब 10 बजे खराब हो गया। हालांकि बिल्डर प्रबंधन ने सोसाइटी के लिए तीन डीजी सेट उपलब्ध कराने का वादा तो किया है मगर शाम 5 बजे तक सोसाइटी में बिजली नहीं थी। सीनियर टाउन प्लानर रेणुका सिंह ने बताया कि ओसी के लिए बिजली का कनेक्शन कोई शर्त नहीं है, सोसाइटी में बिजली उपलब्ध होनी चाहिए चाहे वह ग्रिड की बिजली हो या डीजी सेट की बिजली हो। कई सोसाइटियों में पानी के कनेक्शन नहीं हैं मगर वहां टैंकर का पानी उपलब्ध होता है, इसलिए वहां रिहाइश की इजाजत होती है। वहीं, बिजली निगम के एसडीओ विक्रम सिंह परमार ने कहा कि आरओएफ अलांटे प्रबंधन में बिजली के कनेक्शन के लिए अभी तक आवेदन नहीं किया है। बगैर आवेदन के बिजली निगम अपनी तरफ से बिजली नहीं दे सकता है। हम इसकी जांच करने के अधिकृत नहीं है कि सोसाइटी को बगैर बिजली कनेक्शन ओसी कैसे मिली। संवाद