इमाम की हत्या का खुलासा
इससे पहले प्रशासन ने कहा था कि मो. साद की मौत की वजह गोली है। मो. साद के शव का पोस्टमार्टम प्रशासन द्वारा गठित किए गए मेडिकल बोर्ड ने किया है। इसकी रिपोर्ट पुलिस प्रशासन को सौंप दी गई है। घटना को लेकर भी कई तरह की बातें कही जा रही थीं। पुलिस को इस बात का शक था कि मो. साद पर गोली से भी हमला हुआ है। इसलिए शव का एक्सरे भी कराया गया।
डॉक्टर ने कहा- गोली से नहीं धारदार हथियार से हुई हत्या
जिला प्रशासन की ओर से शव के पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीपक माथुर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया गया। इस मेडिकल बोर्ड में डॉ. सुधीर और डॉ. ललित भी शामिल थे। बोर्ड ने जब पोस्टमार्टम किया तो मो. साद की मौत के कारण के विषय में दूसरी ही बात सामने आई। जाहिर हुआ कि मो. साद पर धारदार हथियार से जबरदस्त तरीके से हमला किया गया। उसके शरीर में कहीं भी गोली नहीं मिली साथ ही गोली आर-पार निकल जाने की बात भी सामने नहीं आई।
दोनों होमगार्ड की मौत उपद्रवियों की पिटाई से हुई
सोमवार को नूंह की हिंसा में उपद्रवियों के हमले का शिकार हुए होमगार्ड नीरज और गुरुसेव का पोस्टमार्टम भी गुरुग्राम में ही हुआ था। हिंसा में घायल होने के बाद दोनों को गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया। यहीं पर इनकी मौत हो गई। इनके पोस्टमार्टम में इनकी मौत की वजह पिटाई और ब्लंट चोट (वह चोट जो किसी धारदार हथियार या धातु की किसी रॉड आदि से नहीं लगी) निकल कर हुई। इनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी पुलिस प्रशासन को भेज दी गई है।