गुरुग्राम। आगामी पंचायत चुनाव में अपनी साख बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी एक से आठ सितंबर के बीच प्रदेश में चार हजार बैठकें करेंगी। जिसमें संगठन विस्तार करते हुए सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। गुरुकमल कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पांच जिलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल पालक और मंडल प्रभारी के साथ बैठक करेंगे। इसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, झज्जर और नूहं जिले के भाजपा पदाधिकारी बुलाए गए हैं। प्रदेश मीडिया सहप्रमुख अरविंद सैनी ने बताया कि पहली से 8 सितंबर तक 4000 बैठकें की जाएंगी। इसलिए प्रदेश अध्यक्ष पांच-पांच जिलों की संगठनात्मक बैठकें ले रहे हैं, ताकि आगामी दिनों में होने वाली पार्टी की गतिविधियों की रूपरेखा के बारे में मंडल पदाधिकारियों को बताया जा सके।