गुरुग्राम। सोहना चौक पर 27 अक्तूबर की शाम यातायात पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगी एक थार को रोका। चालक गाड़ी के दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। पुलिस द्वारा थार जब्त करने की कोशिश पर उसमें सवार युवक भड़क गए और हंगामा करने लगे। युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और दस्तावेज दिखाने से इन्कार कर दिया। जब पुलिस ने थार जब्त करनी चाही, तो एक युवक चलती थार की खिड़की पर लटक गया। इस जानलेवा स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यातायात पुलिस ने डायल 112 पर कॉल कर ईआरवी को बुलाया। पुलिस ने थार जब्त कर ली। पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डालने, बदसलूकी और जानलेवा स्टंट के आरोप में आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बिना नंबर प्लेट व ब्लैक फिल्म लगी होने के कारण थार को रोका गया था। जांच के दौरान युवक वाहन के कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। ऐसे में थार को जब्त करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। संवाद