गुरुग्राम। पुलिस की ओर से लोगों से बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठक हुई। एसीपी क्राइम विपिन अहलावत की अगुवाई में साइबर क्राइम पुलिस थाना ईस्ट में इंस्पेक्टर पूनम की पुलिस टीम द्वारा लोगों के साथ मिलकर बैठक का आयोजन किया गया। जिससे लोगों में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता आए व किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर नि:संकोच अपने नजदीकी पुलिस थाना या साइबर थाना में जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सके।
-
अवैध हथियार सहित तीन काबू
गुरुग्राम। पुलिस ने अलग-अलग जगहों से अवैध हथियार रखने पर तीन आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से 2 पिस्टल व 2 कारतूस बरामद किए हैं। सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच ने सदर थाना एरिया से एक आरोपी को पिस्टल व कारतूस सहित काबू किया। आरोपी की पहचान यूपी के फिरोजाबाद निवासी अंशुल यादव के रूप में हुई। वहीं, फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच ने फर्रुखनगर थाना एरिया से अवैध पिस्टल व कारतूस सहित दो युवकों को धर दबौचा। आरोपियों की पहचान होडल निवासी टेकचंद व पलवल के शिवकुमार के रूप में हुई। ब्यूरो
-
अदालत के आदेश की अवहेलना करने पर गिरफ्तार
गुरुग्राम। आपराधिक मामले में अदालत के आदेश की अवहेलना करने पर पुलिस ने एक उद्धघोषित अपराधी को काबू किया है। अदालत द्वारा आपराधिक मामले में आरोपी मुबीन निवासी गांव पीपका सेहसौला पट्टी नूंह को अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर अदालत द्वारा उद्धघोषित अपराधी घोषित किया गया था। जिसके बाद सेक्टर-17 क्राइम ब्रांच ने आरोपी को काबू कर लिया। ब्यूरो
बेल जम्पर गिरफ्तार
गुरुग्राम। आपराधिक मामले में अदालत के आदेश की अवहेलना करने पर पुलिस ने एक बेल जंपर को काबू किया है। आरोपी राजस्थान के अलवर निवासी सुभाष चंद को अदालत द्वारा जमानत पर छोड़ा गया था। वहीं, निश्चित तारीख पर अदालत में पेश होने के आदेश दिए थे। आरोपी निश्चित तारीख पर अदालत में पेश नहीं हुआ। जिस पर अदालत ने आरोपी को बेल जंपर घोषित कर दिया। ब्यूरो
अवैध शराब सहित काबू
गुरुग्राम। सेक्टर-10 क्राइम ब्रांच ने अवैध शराब सहित युवक को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी से 40 पेटी अवैध देशी शराब व 3 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर इसके खिलाफ थाना शहर में केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में एक युवक अवैध शराब सप्लाई कर रहा है। जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक को न्यू रेलवे रोड सदर बाजार से ई-रिक्शा में भरी अवैध शराब सहित काबू कर लिया। आरोपी की पहचान यूपी के एटा निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई। ब्यूरो