नूंह। जिले में होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के चलते पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से कमर कस ली है। जिलेभर में 1000 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय प्रताप ने कहा कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस उपद्रवियों से सख्ती से निपटेगी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिले की सभी मस्जिदों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। विशेष रूप से उन स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गई है, जहां भीड़ अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिले में कई ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। एसपी विजय प्रताप ने सभी से अपील की है कि वे त्योहार को प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और अगर कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। संवाद