आवंटित किए गए स्थायी तौर पर दो गनमैन, लॉरेस बिश्नोई का गुर्गा गोदारा मांग चुका है एक करोड़ की रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने के बाद कमिश्नरेट की पुलिस ने गुरुग्राम के बिलासपुर में रहने वाले पेट्रोल पंप कारोबारी के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने उन्हें दो गनमैन स्थायी तौर पर आवंटित कर दिए हैं।
बता दें कि जयपुर में सुखदेव हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे रोहित गोदारा द्वारा ली गई है। उसी गोदारा ने कारोबारी से 55 दिन पहले एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी। आरोपी एक माह में तीन बार कारोबारी को फोन पर धमकी दे चुका है। अंतिम कॉल में उसने कारोबारी को धमकाते हुए अर्थी की तैयारी करने की बात कही थी।
बिलासपुर खुर्द गांव के रहने वाले पूर्व पार्षद राकेश कुमार का पेट्रोल पंप का कारोबार है। लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे रोहित गोदारा ने उसे फोन कर जान से मारने की धमकी देकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। उसके बाद बिलासपुर थाना पुलिस ने 14 अक्तूबर को रोहित गोदारा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। मामला दर्ज होने के बाद उसने 25 अक्तूबर को उसके भाई व बेटे के नेटवर्क के बारे में जानकारी दी और कहा कि तूने गांव में जमीन को लेकर विवाद किया है। कारोबारी की ओर से पैसा न देने पर दिवाली के ठीक दो दिन पहले 10 नवंबर को फोन करके कहा कि उसे अब पैसा नहीं चाहिए। अब वह अपनी अर्थी की तैयारी कर लें।
जयपुर में हुई सुखदेव की हत्या के बाद से ही कारोबारी राकेश का परिवार दहशत में आ गया था। कारोबारी की सुरक्षा के नाम पर सिर्फ एक सिपाही तैनात किया गया था। जब वह छुट्टी चला जाता है तो कोई नहीं होता था। डीसीपी क्राइम विजय प्रताप ने कारोबारी को सुनने के बाद बृहस्पतिवार शाम से दो गनमैन उसकी सुरक्षा में आवंटित कर दिए गए हैं।