गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
22, 23, 25 और 26 जनवरी की रात 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पाएंगे भारी वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क रहेगी। इस दौरान साढ़े पांच हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस ने सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस नाका और यातायात के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों को चिह्नित करके यातायात भी डायवर्जन का प्रबंध किया है।
उपायुक्त की ओर से शहर में धारा 144 लागू की गई है। इसके सथ ही 26 जनवरी तक ड्रोन, एयरक्राफ्ट, ग्लाइडर्स, एयर ब्लूंस, पतंग और माइक्रो लाइट्स इत्यादि उपकरणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। साइबर कैफे, पीजी, होटल, गेस्ट हाउस, रेस्तरां में आने वाले लोगों की सभी पुख्ता जानकारी रखने उसकी पहचानपत्र की प्रतिलिपि रखने के आदेश भी दिए गए हैं।
यह रहेगी यातायात व्यवस्था
गणतंत्र दिवस के आयोजन के कारण दिल्ली में 22 व 23 जनवरी और 25 व 26 को रात 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पर रोक रहेगी। गुरुग्राम में भी इस दौरान भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। सभी भारी वाहन चालक वैकल्पिक रास्ते का प्रयोग कर सकेंगे।